– शिवपुरी में प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित, पीएम किसान की 23वीं किस्त से 2.96 लाख किसानों को मिले 59.26 करोड़
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के ताराकेश्वर, हुगली में आयोजित कार्यक्रम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त सिंगल क्लिक के माध्यम से जारी की। इस अवसर पर शिवपुरी जिले में भी पीएम किसान उत्सव दिवस धूमधाम से मनाया गया।
जिले के मानस भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को रासायनिक खाद और कीटनाशक के बिना खेती करने की विधि, जीवामृत, घन जीवामृत और बीजामृत बनाने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम स्थल पर प्राकृतिक खेती पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका किसानों ने अवलोकन किया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने प्रधानमंत्री के लाइव प्रसारण को देखा और योजना की 23वीं किस्त जारी होने की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के 2 लाख 96 हजार 280 किसानों के खातों में 59.26 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई।
किस्त मिलने के बाद किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। किसानों का कहना है कि यह राशि बीज, खाद और अन्य कृषि सामग्री खरीदने में बहुत मददगार साबित होती है। इससे उनकी खेती की लागत कम होती है और आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ एमके भार्गव ने बताया कि प्राकृतिक खेती को अपनाने से भूमि की उर्वरा शक्ति बनी रहती है और लागत भी घटती है। प्रशासन का उद्देश्य जिले में अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ना है।