करो योग, रहो निरोग: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राज्यपाल एवं विधायकों की उपस्थिति में गरिमामय योग अभ्यास कार्यक्रम संपन्न
सुरेंद्र जैन रायपुर
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ के वैश्विक अवसर पर आज इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV), रायपुर के ‘कृषि मंडपम’ में एक भव्य एवं गरिमामय सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और प्रदेशवासियों को “करो योग, रहो निरोग” का संदेश दिया।
योग अभ्यास के पश्चात पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विश्वविद्यालय परिसर में माननीय राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।
योग भारत का वैश्विक उपहार: विधायक अनुज शर्मा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धरसींवा विधायक श्री अनुज शर्मा ने योग के महत्व और इसकी विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “आज की भागदौड़ भरी और व्यस्त दिनचर्या में योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि हमारी कार्यक्षमता को बढ़ाने और मानसिक शांति प्राप्त करने का एक अनिवार्य माध्यम है। स्वस्थ जीवन जीने के लिए हम सभी को योग को अपनी रोज़मर्रा की ज़िंदगी का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।”
विधायक श्री शर्मा ने आगे कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति, ज्ञान एवं जीवन दर्शन का अमूल्य उपहार है, जो व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित तथा आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। आज योग केवल भारत की सांस्कृतिक धरोहर नहीं, बल्कि विश्व मानवता के स्वास्थ्य और कल्याण का प्रभावी माध्यम बन चुका है। भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के अथक प्रयासों एवं दूरदर्शी नेतृत्व में भारतीय योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है, और आज पूरा विश्व योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर एक स्वस्थ जीवनशैली अपना रहा है।
इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी ,पुरंदर मिश्रा, रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामूहिक चेतना को जागृत करने के लिए कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं ,गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी उपस्थित जनों ने ‘करो योग, रहो निरोग’ के संकल्प को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया।