सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर के नंदनी नगर क्षेत्र में राय धर्मशाला के समीप स्थित पशुपति नाथ मंदिर में गुरुवार को मंदिर का स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान शिव की आराधना कर धर्मलाभ अर्जित किया।
स्थापना दिवस के अवसर पर सुबह से ही धार्मिक आयोजनों का क्रम शुरू हुआ। भगवान पशुपति नाथ का विशेष अभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया गया। महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए गए, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
आयोजन के अंतर्गत महाआरती, सुंदरकांड पाठ तथा 56 भोग का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण भी किया गया। मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया था, जिसने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
मंदिर समिति ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर श्रद्धालुओं ने तन, मन और धन से सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।