सी के पारे
भोपाल। मध्य प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए राज्य सरकार ने शिक्षकों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियां बढ़ाने का फैसला किया है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब शिक्षक 1 जून की बजाय 7 जून से स्कूलों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे, जबकि विद्यार्थियों के लिए नया शैक्षणिक सत्र 16 जून से शुरू होगा।
प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया है। ऐसे में शिक्षकों और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है। विभाग का कहना है कि गर्मी की गंभीर स्थिति और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए अवकाश अवधि बढ़ाना आवश्यक था।

जानकारी के अनुसार, शिक्षकों को पहले 1 जून से स्कूलों में लौटना था, लेकिन संशोधित आदेश के बाद अब वे 7 जून से स्कूल पहुंचेंगे। इस दौरान शिक्षक परीक्षा परिणाम, जनगणना और अन्य प्रशासनिक कार्यों से जुड़े दायित्वों का भी निर्वहन करेंगे।
वहीं, प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र 16 जून से शुरू होगा। इसी दिन से ‘स्कूल चलें हम’ अभियान का दूसरा चरण भी प्रारंभ किया जाएगा, जिसके तहत स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने और नए विद्यार्थियों के नामांकन पर विशेष जोर दिया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने जिला प्रशासन और शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नए सत्र की शुरुआत से पहले पाठ्यपुस्तकों के वितरण, विद्यालयों की तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा किया जाए।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में इस समय भीषण गर्मी का असर देखा जा रहा है, जिसके कारण स्कूलों के संचालन और छुट्टियों के कार्यक्रम में बदलाव किए जा रहे हैं।