मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
गंगा दशहरे पर सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम सरार में जल संरक्षण और जागरूकता को लेकर भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा की शुरुआत गांव स्थित माता मंदिर से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में माताएं, बहनें एवं ग्रामीणजन शामिल हुए।
कलश यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए विभिन्न जल स्रोतों तक पहुंची, जहां हैंडपंप, कुएं एवं अन्य जल स्रोतों की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गंगा मैया की आरती उतारकर जल संरक्षण का संदेश दिया। यात्रा के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को जल के महत्व के प्रति जागरूक करना एवं प्रकृति से प्राप्त बहुमूल्य जल को बचाने का संदेश देना रहा। यात्रा के दौरान पांच हैंडपंपों एवं गांव के कुओं पर माल्यार्पण कर पूजा की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष राकेश मीणा, प्रेम नारायण अहिरवार, नवांकुर संस्था रेखा शिक्षा एवं जन कल्याण समिति भरतीपुर से सचिव मनोहर पाल एवं मेंटर श्रवण कुमार शर्मा की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।