-दो दिनों में बने 24 चालान, चालकों में मचा हड़कंप
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे 18 पर दीवानगंज पुलिस चौकी के सामने पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई की।
भोपाल विदिशा हाईवे पर रोज दुर्घटना हो रही है इन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस बल भी अपनी तरफ हर संभव कोशिश कर रहा है कि गाड़ी चालक हेलमेट लगाकर ही गाड़ी चलाएं मगर इसके बावजूद भी वाहन चालक लापरवाही बरत रहे है। जिसका खामियाजा दूसरे वाहन चालक को उठाना पड़ता है।
पुलिस की कार्रवाई देखते ही वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कई चालक दूर खड़े होकर पुलिस कार्रवाई देखते रहे, जबकि कुछ लोग रास्ता बदलकर निकलने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन पुलिस ने किसी भी वाहन चालक को नहीं छोड़ा।
अभियान के दौरान पुलिस ने 7 फोर व्हीलर वाहनों से 3500 रुपए तथा 5 टूव्हीलर वाहन चालकों से 1500 रुपए समन शुल्क वसूला। बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर 22 मई से 28 मई तक विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बसों, टू व्हीलर और फोर व्हीलर वाहनों की सघन जांच कर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।
इससे पहले पुलिस ने यात्री बसों का विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया था। जांच के दौरान कई बसों की फिटनेस, दस्तावेज और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन की समझाइश दी गई। उस दौरान भी पुलिस ने 12 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की थी।
लगातार हो रही कार्रवाई से हाईवे पर वाहन चालकों में पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस की सख्ती के चलते कई वाहन चालक कार्रवाई से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करते दिखाई दिए।
चेकिंग अभियान के दौरान थाना प्रभारी दिनेश रघुवंशी, दीवानगंज चौकी प्रभारी सुनील शर्मा, पुष्पेंद्र सिंह, दिलीप यादव, संदीप सिंह सहित समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।
थाना प्रभारी दिनेश रघुवंशी और दीवानगंज पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर विशेष अभियान लगातार जारी है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।