सी के पारे रायसेन
रायसेन किला स्थित पहाड़ी एवं अमराबद घाटी क्षेत्र में एक बार फिर बाघ की मूवमेंट देखे जाने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों ने पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में बाघ को घूमते हुए देखा, जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि बाघ लगातार जंगल से सटे क्षेत्रों में मूवमेंट कर रहा है, जिससे ग्रामीणों और पर्यटकों में चिंता बढ़ गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाघ सुबह और शाम के समय अधिक सक्रिय दिखाई दे रहा है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जिला वन मंडल अधिकारी श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने पर्यटकों से अकेले जंगल या किले के सुनसान हिस्सों में न जाने की अपील की है।
इससे पहले भी रायसेन किला क्षेत्र और आसपास के जंगलों में बाघ की मौजूदगी के कई वीडियो और खबरें सामने आ चुकी हैं। वर्ष 2024 में भी किले की पहाड़ी पर बाघ दिखाई देने की घटना चर्चा में रही थी।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि अमराबद घाटी और आसपास के घने जंगल वन्यजीवों के लिए सुरक्षित कॉरिडोर बन चुके हैं, जिसके कारण यहां लगातार बाघों की गतिविधियां बढ़ रही हैं। वन विभाग ने लोगों से अफवाह न देने और किसी भी वन्यजीव की सूचना तुरंत अधिकारियों को देने की अपील की है।