– माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर में हुआ भव्य आयोजन
सीहोर । सूर्या फाउंडेशन द्वारा संचालित माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर सीहोर में भारतीय संस्कृति की गौरवशाली गुरु-शिष्य परंपरा को समर्पित गुरु वंदन एवं छात्र अभिनंदन एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रकट करना, शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का अभिनंदन करना तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत विकास परिषद की महिला शाखा प्रमुख श्रीमती सुनीता सोनी, भारत विकास परिषद, शाखा सीहोर के अध्यक्ष आर्य रितेश राठौर, कोषाध्यक्ष अंकुश जैन तथा संस्कार संयोजिका श्रीमती शोभा चांडक उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात गुरु वंदन_ में विद्यालय की प्राचार्या डॉ. विनीत गाबा को माला, शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं सभी अतिथियों ने विद्यालय के शिक्षकों का तिलक लगाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया। साथ ही शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 10 छात्राओं को भारत को जानो पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया।

छात्राओं ने अपने गुरुओं के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया।
अपने प्रेरक उद्बोधन में मुख्य अतिथि श्रीमती सुनीता सोनी ने कहा कि गुरु के बिना ज्ञान की प्राप्ति संभव नहीं है। आज के विद्यार्थी ही देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। जीवन में सफलता का आधार मेहनत, अनुशासन और संस्कार हैं।”लउन्होंने यह भी कहा कि _माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर की छात्राएँ केवल सीहोर ही नहीं, बल्कि पूरे देश में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं, जो अत्यंत गर्व का विषय है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सत्येंद्र शर्मा,प्राचार्या डॉ. विनीत गाबा,उप प्रबंधक संदीप मौर्य, दिनेश वर्मा, अरविंद गुप्ता समस्त शिक्षकगण एवं छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक अमित दुबे ने किया। अंत में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
समापन पर सभी अतिथियों, सदस्यों एवं विद्यालय परिवार ने मिलकर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर _पर्यावरण बचाओ_ का संदेश दिया।