सी एल गौर रायसेन
प्राचीन हरिहर आश्रम श्री हनुमान मंदिर, रामपुर कलेक्ट्रेट कॉलोनी में 22 मई से 28 मई 2026 तक 21 कुंडीय श्री रुद्र महायज्ञ, हनुमंत कथा एवं दिव्य दरबार का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर शहर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में आयोजकों द्वारा भक्तों और नगरवासियों को आमंत्रण पत्र वितरित कर कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया जा रहा है।
आयोजन में भोलेस्वरूप ब्रह्मचारी जी महाराज के सानिध्य में धार्मिक कार्यक्रम होंगे, जबकि कथा व दिव्य दरबार में श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिए जाएंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है।
आयोजकों के अनुसार 22 मई शुक्रवार को कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा श्री गणेश मंदिर, मिश्र तालाब से प्रारंभ होकर यज्ञ स्थल प्राचीन हरिहर आश्रम श्री हनुमान मंदिर, रामपुर कलेक्ट्रेट कॉलोनी पहुंचेगी।
यज्ञ कार्यक्रम प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक आयोजित होगा। वहीं हनुमंत कथा दोपहर 3 बजे से प्रभु इच्छा तक चलेगी।
कार्यक्रम में यज्ञाचार्य पंडित रामजीकृष्ण महाराज विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। आयोजन समिति ने नगर एवं क्षेत्र के श्रद्धालुओं से परिवार सहित शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। साथ ही यजमान बनने के इच्छुक श्रद्धालुओं से संपर्क करने का आग्रह भी किया गया है।
भक्तों को दिया जा रहा निमंत्रण
रुद्र महायज्ञ, हनुमंत कथा एवं दिव्य दरबार को लेकर आयोजक मंडल द्वारा शहर और आसपास के क्षेत्रों में आमंत्रण पत्र वितरित किए जा रहे हैं। आयोजन समिति का कहना है कि धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक श्रद्धालु शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें।