रायसेन। उमरावगंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा महाकाल ढाबा तिराहे के पास हुआ, जहां एक डंपर की चपेट में आने से युवक उसके पिछले टायर के नीचे दब गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान घाटखेड़ी निवासी 32 वर्षीय कैलाश प्रजापति के रूप में हुई है। वह मिस्त्री का काम करता था और सोमवार सुबह बाइक से काम पर जा रहा था। इसी दौरान महाकाल ढाबा तिराहे के पास उसकी बाइक अचानक सामने चल रहे डंपर के करीब पहुंच गई।

उमरावगंज थाना प्रभारी शैलेंद्र तोमर ने बताया कि बाइक को बचाने के प्रयास में डंपर चालक ने वाहन को नीचे की ओर मोड़ दिया, लेकिन इसी दौरान बाइक सवार संतुलन खो बैठा और डंपर के पिछले टायर के नीचे आ गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शैलेंद्र तोमर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक के शव को डंपर के टायर के नीचे से बाहर निकाला। हादसे में सड़क किनारे लगे कुछ बिजली के पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।