मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
वर्तमान में पूरे देश में चल रहे जनगणना कार्य के बीच रायसेन जिले के सांची विकासखंड अंतर्गत संकुल केंद्र दीवानगंज ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। संकुल केंद्र के अंतर्गत सर्कल क्रमांक 1 से 4 तक का जनगणना कार्य निर्धारित समय सीमा से पूर्व पूर्ण कर प्रशासनिक स्तर पर मिसाल पेश की गई है।
इस महत्वपूर्ण कार्य में सुपरवाइजर आशीष रावत, महबूब खान, मान सिंह यादव एवं आशीष डिमरी ने टीम का मार्गदर्शन करते हुए पूरी प्रक्रिया की लगातार मॉनिटरिंग की। वहीं जमीनी स्तर पर प्रगणकों ने घर-घर पहुंचकर डोर टू डोर सर्वे किया और कठिन परिस्थितियों के बावजूद जिम्मेदारी के साथ कार्य को अंजाम दिया।

जनगणना कार्य के दौरान शासन के दिशा-निर्देशों एवं गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन किया गया। सर्वे टीम ने प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर आवश्यक जानकारी एकत्रित की और डेटा को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन दर्ज किया।
संभाग आयुक्त के भ्रमण के दौरान प्रगणक अब्दुल नईम एवं वंदना पटेल ने उन्हें न केवल अपने क्षेत्र का नजरी नक्शा दिखाया, बल्कि एचएलओ एप पर डेटा एंट्री की पूरी प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया। दोनों प्रगणकों द्वारा किए गए कार्य एवं तकनीकी दक्षता की संभाग आयुक्त ने खुलकर सराहना की।
समय से पूर्व कार्य पूर्ण होने पर रायसेन तहसीलदार द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी तरह जिम्मेदारी एवं ईमानदारी से कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
दीवानगंज संकुल की इस उपलब्धि को प्रशासनिक कार्यकुशलता, टीमवर्क और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।