मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
ग्राम दीवानगंज में तालाब के पास स्थित हैंडपंप पिछले 20 से 25 दिनों से खराब पड़ा हुआ था, जिसके कारण मोहल्ले सहित आसपास के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा था और लोगों को दूर-दूर से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा था।
ग्रामीणों ने बताया कि हैंडपंप खराब होने से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को उठानी पड़ रही थी। वहीं जिम्मेदार विभाग लंबे समय तक समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा था। ग्राम पंचायत दीवानगंज के सरपंच गिरजेश नायक द्वारा भी पीएचई विभाग को दो बार सूचना दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका था।
मामले को एमपी टुडे प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद पीएचई विभाग हरकत में आया और विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर खराब पड़े हैंडपंप की मरम्मत कर उसे चालू कर दिया। हैंडपंप शुरू होने के बाद ग्रामीणों और मोहल्लेवासियों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते समस्या का समाधान हो जाना चाहिए था, ताकि लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़ता। वहीं लोगों ने उम्मीद जताई है कि आगे ऐसी समस्याओं पर विभाग तुरंत कार्रवाई करेगा।
