पेंशनरों की समस्याओं, बकाया एरियर और संगठन मजबूती पर हुई चर्चा, प्रतिभाशाली बच्चों व खिलाड़ियों का सम्मान
रुपेश मेहरा बरेली रायसेन
म.प्र. प्रोग्रेसिव पेंशनर एसोसिएशन रायसेन का जिला सम्मेलन बरेली में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता जिला कार्यकारी अध्यक्ष जी.एल. शाक्या ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना तथा स्वागत गीत के साथ हुआ। इसके बाद बरेली तहसील अध्यक्ष किशोर सिंह ठाकुर ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिनिधियों का अभिनंदन किया। संगठन की ओर से उपस्थित अतिथियों का तिलक लगाकर पुष्पमाला, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
मंच पर जी.एल. शाक्या, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी एम.एल. राठोरिया, बरेली तहसील शाखा के संरक्षक नरसी प्रसाद शर्मा, जे.पी. ठाकुर सहित विभिन्न तहसीलों के अध्यक्ष उपस्थित रहे। सम्मेलन में उदयपुरा, देवरी, सिलवानी, बेगमगंज, गैरतगंज, ओबेदुल्लागंज, गौहरगंज और सुल्तानपुर शाखाओं के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

पेंशनरों के अधिकारों और बकाया भुगतान पर उठी आवाज
सम्मेलन में विभिन्न वक्ताओं ने पेंशनरों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर अपने विचार रखे। सिलवानी अध्यक्ष इब्राहिम खान ने छठवें एवं सातवें वेतनमान के 59 माह के लंबित एरियर भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। वहीं राम सिंह राजपूत ने संगठन की गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। पी.एन. राजपूत ने पेंशनरों के हितों की रक्षा को लेकर जोशीला संबोधन दिया।
एम.एल. राठोरिया ने पेंशनरों के हक एवं हित में निरंतर संघर्ष करने की बात कही। अध्यक्षीय उद्बोधन में जी.एल. शाक्या ने पेंशनरों के क्लेम एवं अन्य देय स्वत्वों का समय पर भुगतान सुनिश्चित कराने का भरोसा दिलाया।
प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
सम्मेलन में बरेली की प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ओपन शतरंज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले ओ.पी. तिवारी को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा इंदौर में आयोजित राज्य स्तरीय अबाकस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों का भी सम्मान हुआ। कुमारी अमाया गुर्जर ने मध्यप्रदेश चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि भावेश उपाध्याय प्रथम स्थान पर रहे। शिवाय धाकड़ और लाभांश जैन संयुक्त रूप से चतुर्थ स्थान पर रहे। सभी प्रतिभाशाली बच्चों को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
बच्चों की सफलता पर अबाकस दिशा अकादमी बरेली की संचालिका श्वेता रावत एवं संचालक रावत जी को भी शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
वीडियो कॉल से मंत्री ने किया संबोधन
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने वीडियो कॉल के माध्यम से सम्मेलन को संबोधित किया और संगठन के कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नारायण सिंह किरार, डी.डी. धाकड़, रामाधार श्रीवास्तव, गोपाल स्वरूप ठाकुर, बी.एस. किरार, केशव सिंह यादव, आर.जी. धाकड़, हनुमत सिंह धाकड़ और जे.पी. धाकड़ सहित अन्य पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन जिला शाखा रायसेन के कोषाध्यक्ष विश्वकर्मा ने किया, जबकि अंत में अवध नारायण सक्सेना ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।