मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल–विदिशा हाईवे 18 पर गुरुवार को कर्क रेखा के समीप यातायात पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए सघन वाहन चेकिंग की। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बारीकी से जांच की गई, जिसमें बड़ी संख्या में नियम तोड़ने वाले चालक पकड़ में आए।
चेकिंग के दौरान कई वाहन चालक बिना सीट बेल्ट लगाए चारपहिया वाहन चलाते हुए मिले, वहीं दोपहिया चालकों में हेलमेट न पहनने वालों की भी कमी नहीं रही। इतना ही नहीं, बिना परमिट चल रही बसों सहित अन्य वाहनों के दस्तावेज भी खंगाले गए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के मौके पर ही चालान काटे गए।
अभियान के दौरान कई वाहन चालक पुलिस से बचने के लिए इधर-उधर से निकलने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन यातायात पुलिस की सख्ती के आगे उनकी एक नहीं चली और सभी के खिलाफ कार्रवाई की गई।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही दीवानगंज चौकी के सामने सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी, दीवानगंज चौकी प्रभारी सुनील शर्मा सहित पुलिस स्टाफ पुलिस ने 4 दोपहिया और 7 चारपहिया वाहन चालकों के चालान बनाकर 4700 रुपये समन शुल्क के रूप में वसूले थे।
यातायात पुलिस का यह विशेष अभियान लगातार 10 दिनों तक जारी रहेगा, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क हादसों पर लगाम लगाई जा सके।