रायसेन।भोपाल-रायसेन-विदिशा औद्योगिक कॉरिडोर के तहत बन रही फोरलेन सड़क रायसेन के सांची रोड कोड़ी के पास वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। निर्माण कार्य के कारण कंपनी ने सांची-रायसेन मार्ग को डायवर्ट किया है, लेकिन अव्यवस्थित डायवर्जन और गलत बैरिकेडिंग के चलते यह स्थान चालकों के लिए भ्रम की स्थिति पैदा कर रहा है।
यहां बनाए गए अस्थायी तिराहे पर न तो स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाए गए हैं और न ही बैरिकेडिंग सही दिशा में की गई है। इसके परिणामस्वरूप, भोपाल, सांची, सागर और विदिशा की ओर आने-जाने वाले वाहन चालक लगातार रास्ता भटक रहे हैं।

कई चालक गलत दिशा में मुड़कर वापस लौटने को मजबूर हो रहे हैं, जबकि कुछ सांची की ओर पहुंच जाते हैं। यही स्थिति रायसेन से विदिशा जाने वालों के साथ भी बन रही है। इस अव्यवस्था के कारण वाहन चालकों को अपनी यात्रा में 10 से 15 मिनट का अतिरिक्त समय लग रहा है। शादियों के सीजन में बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग से गुजरते हैं, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों ने निर्माण कंपनी से मांग की है कि यहां स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाए जाएं ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।