अमृत सरोवर बना शराबियों का अड्डा, असामाजिक तत्वों ने तोड़ी पंचायत की कुर्सियां ग्रामीणों में भारी आक्रोश
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम अंबाडी में पंचायत द्वारा कुछ वर्ष पूर्व बनाए गए अमृत सरोवर बांध की स्थिति अब चिंता का विषय बन गई है। जहां एक ओर इस सरोवर का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण और बैठने की सुविधा उपलब्ध कराना था, वहीं अब यह स्थान असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है।
जानकारी के अनुसार पंचायत ने ग्रामीणों की सुविधा के लिए सरोवर के पास दो सीमेंट की मजबूत कुर्सियां रखवाई थीं, जिन पर एक साथ 6 लोग बैठ सकते थे। लेकिन बीती रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने इन कुर्सियों को तोड़ दिया, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि देर रात कुछ लोग यहां आकर शराब पीते हैं और हुड़दंग मचाते हैं। धीरे-धीरे यह स्थान शराबियों का अड्डा बनता जा रहा है, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है। कुर्सियों के टूटने की घटना ने ग्रामीणों के गुस्से को और बढ़ा दिया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और पंचायत से मांग की है कि,अमृत सरोवर क्षेत्र में नियमित निगरानी की जाए,असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई हो,टूटे हुए सार्वजनिक संसाधनों की मरम्मत करवाई जाए
यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले समय में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक सार्वजनिक संपत्ति असामाजिक तत्वों के निशाने पर रहेगी।