थाने के गेट पर पहुंचकर फांसी लगाने का प्रयास किया, बोला- गांव में लाइट नहीं रहती, पानी नहीं मिलने से मेरी भैंसें मर जाएंगी
– जिले के पिछोर थाना गेट पर फांसी का प्रयास
– पिछोर थाना की घटना, युवक ने फांसी लगाने गेट के बोर्ड पर रस्सी बांध ली थी
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले के पिछोर में 35 साल के एक युवक ने फांसी लगाने के लिए पिछोर पुलिस थाना गेट पर रस्सी बांध दी। फांसी लगाने का प्रयास कर रहे युवक पर पुलिस वालों की नजर पड़ी। पुलिस ने तुरंत युवक को पकड़ा और उसे थाने ले आए। पूछताछ करने पर युवक ने बताया कि गांव में लाइट नहीं आ रही है। मेरी 20 भैंसें प्यासी मर जाएंगी। पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर कुछ घंटे बिठाए रखा। बाद में पुलिस ने इस युवक को समझाया और उसे छोड दिया।
गांव में लाइट नहीं रहती,पानी नहीं मिलने से मेरी भैंसें मर जाएंगी-
बताया जाता है कि ग्राम चौमुंहा निवासी सुनील यादव (35), पुत्र लखनसिंह यादव ने रविवार शाम करीब 4.40 बजे पुलिस थाना पिछोर के गेट पर बोर्ड में रस्सी बांध दी। युवक को फांसी लगाते देख पुलिस अधिकारी तुरंत पहुंचे। युवक को पकड़कर अंदर ले गए। पूछताछ में सुनील यादव ने बताया कि मेरे पास 20 भैंसें हैं। उनके पीने के लिए पानी नहीं है। गांव में लाइट नहीं रहती। पानी नहीं मिलने से मेरी भैंसें मर जाएंगी।
लाइट के अलावा रसोई गैस सिलेंडर भी मांगा
बताया जाता है कि युवक सुनील यादव नशे की हालत में था। भैंसें प्यासी मरने से बचाने के लिए वह गांव में लाइट की मांग पुलिस से कर रहा था। इसके अलावा वह रसोई गैस सिलेंडर भी मांगने लगा। पुलिस ने सिलेंडर दिलवाने की बात कही। थाने के गेट पर फांसी लगाने का कारण पूछा गया। तब युवक कहने लगा कि बच्चा अपने माता-पिता के यहां नहीं आ सकता। यानी युवक पुलिस को अपना माता-पिता बताता रहा। युवक फांसी लगाने के लिए दुकान से नई रस्सी खरीदकर लाया था। एसआई कमल सिंह बंजारा ने बताया कि युक्क को कुछ घंटे बिठाया गया। उसे समझाकर छोड़ दिया गया।