3 हजार रुपए से अधिक बिजली बिल बकाया होने पर कृषि ट्रांसफार्मरों की सप्लाई बंद, कई गांवों के किसान प्रभावित
सांची विकासखंड के बांसिया, हिनोतिया, भंवरखेड़ी, डोलाघाट, अंबाड़ी और मुड़ियाखेड़ा सहित कई गांवों में बिजली विभाग की कार्रवाई
खेतों में सिंचाई का काम प्रभावित होने की आशंका
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
रायसेन जिले के सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में बिजली विभाग ने बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने कृषि कार्यों में उपयोग होने वाले जिन ट्रांसफार्मरों पर 3 हजार रुपए से अधिक बिजली बिल बकाया है, उनकी बिजली सप्लाई बंद कर दी है। इसके चलते क्षेत्र के कई गांवों में कृषि कार्यों के लिए बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।
जानकारी के अनुसार बिजली विभाग द्वारा बकाया बिलों की समीक्षा के बाद यह कदम उठाया गया है। जिन कृषि उपभोक्ताओं के ट्रांसफार्मरों पर निर्धारित राशि से अधिक बकाया है, उनकी सप्लाई बंद की जा रही है। विभाग की इस कार्रवाई के दायरे में बांसिया, हिनोतिया, भंवरखेड़ी, डोलाघाट, अंबाड़ी, मुड़ियाखेड़ा सहित आसपास के कई गांव आए हैं।
बिजली सप्लाई बंद होने से किसानों के सामने कृषि कार्यों को लेकर परेशानी खड़ी हो सकती है। खासकर खेतों में सिंचाई और अन्य कृषि गतिविधियों के लिए बिजली पर निर्भर किसानों को अब बकाया राशि जमा कराने के बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल होने का इंतजार करना पड़ेगा।
वहीं बिजली विभाग का उद्देश्य बकाया बिलों की वसूली करना है। किसानों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बंद होने से उनके कृषि कार्य प्रभावित हो सकते हैं। अब देखना होगा कि बकाया राशि जमा होने के बाद विभाग कितनी जल्दी ट्रांसफार्मरों की बिजली सप्लाई बहाल करता है।
इनका कहना हे
जिन उपभोक्ताओं पर कृषि कार्य में उपयोग होने वाले ट्रांसफार्मर पर 3 हजार रुपए से अधिक बिल बकाया है उन सभी उपभोक्ताओं की सप्लाई काटी जा रही है सभी उपभोक्ता समय पर बिजली बिल जमा कर अपनी सप्लाई कटने से बचा सकते हैं।
मनीष कुमार जूनियर इंजीनियर