प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को दी दीपावली की शुभकामनाएं
विद्युत मंडल के दोषी अधिकारियों पर FIR और पीड़ित किसानों को मुआवजा देने की मांग
अनुराग शर्मा सीहोर
दीपावली के शुभ अवसर पर सीहोर जिले के डाबला माता, चंदेरी, बरबेली, रामखेड़ी, मोरिया, छापरी कला सहित दर्जनों गांवों के किसानों ने खेतों में दीप जलाकर अनोखे अंदाज में दीपावली मनाई। किसानों ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए किसानों की बिजली संबंधी समस्याओं का निराकरण करने की मांग की।

किसान नेतृत्व में किसानों ने एक ओर दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया, वहीं दूसरी ओर विद्युत मंडल सीहोर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि विद्युत विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से गांवों और खेतों में 11 केवी एवं एलटी बिजली के तार और खंभे झूल रहे हैं। इनके कारण कई किसानों की करंट लगने से मौत हो चुकी है, कई किसान घायल हुए हैं तथा गाय-भैंस सहित मवेशियों की भी जान गई है।

किसानों ने मृत किसानों की स्मृति में दीप जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की और पीड़ित परिवारों को न्याय, उचित मुआवजा तथा घायलों को राहत राशि देने की मांग उठाई।
किसानों ने विद्युत मंडल सीहोर के अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री एवं सहायक यंत्री श्यामपुर के खिलाफ FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। किसानों का कहना है कि पिछले चार माह से कीसानो के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जा रहा है, लेकिन अभी तक जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई है।