धार्मिक कार्यक्रमों के साथ होगा विद्वत समागम
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे-18 स्थित तीर्थधाम ज्ञानोदय मंदिर दीवानगंज में सोमवार 9 नवंबर को भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। श्री कुंदकुंद कहान दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां की जा रही हैं।
महोत्सव के अंतर्गत सुबह 7:30 बजे से 8 बजे तक श्री जिनेंद्र अभिषेक एवं प्रक्षाल कार्यक्रम होगा। इसके बाद सुबह 8 से 9:30 बजे तक श्री महावीर पंचकल्याणक विधान और 9:30 से 10:15 बजे तक भगवान महावीर निर्वाण महोत्सव मनाया जाएगा। सुबह 10:15 से 11 बजे तक स्वल्पाहार की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक जयपुर से पधार रहे विद्वान डॉ. शांतिलाल पाटिल का प्रवचन होगा। वहीं विद्वत समागम में डॉ. शांतिलाल पाटिल तथा विधानाचार्य पंडित दीपक ‘धवल’, भोपाल का सानिध्य प्राप्त होगा। कार्यक्रम का समापन दोपहर 12 से 2 बजे तक आयोजित वात्सल्य भोज के साथ होगा।
आयोजक श्री कुंदकुंद कहान दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट तीर्थधाम ज्ञानोदय, दीवानगंज-भोपाल ने जैन समाज सहित आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से परिवार सहित शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।