मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज क्षेत्र के ग्राम अंबाडी और मुस्काबाद के पहाड़ों पर अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए जंगल के बड़े हिस्से तक पहुंच गई, जिससे आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्राम पंचायत के ग्रामीणों के साथ मिलकर कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर बामुश्किल काबू पाया गया।
अंबाडी सरपंच कुंती रमेश कुमार अहिरवार ने बताया कि इंदिरा आवास कॉलोनी के पास जंगल में आग लग गई थी जिसकी सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने टैंकर से पानी भरकर और वन कर्मचारी की सहायता से आग पर काबू पा लिया है।
ग्रामीणों के अनुसार पहाड़ी क्षेत्र में सूखी घास और झाड़ियों के कारण आग तेजी से फैलने लगी थी। समय रहते ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
बता दे कि पिछले सप्ताह भी नरखेड़ा और कुलहड़िया के जंगलों में आग लग चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, लेकिन क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की स्थाई व्यवस्था नहीं होने के कारण समय पर राहत नहीं मिल पाती। फायर ब्रिगेड नहीं होने से हर साल कई किसानों की फसल और जंगल जलकर राख हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दीवानगंज क्षेत्र में स्थाई रूप से फायर ब्रिगेड की व्यवस्था की जाए, ताकि जंगलों में लगने वाली आग पर समय रहते काबू पाया जा सके और बड़े नुकसान से बचा जा सके।
जब दीवानगंज क्षेत्र में आगजनी की घटना होती है तो फायर ब्रिगेड को 25 किलोमीटर दूर सांची या 31 किलोमीटर दूर रायसेन से बुलाना पड़ती है वहां से आने में काफी समय लग जाता है तब तक आग काफी नुकसान हो जाता है।