सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज/बेगमगंज रायसेन
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रायसेन जिले के बेगमगंज क्षेत्र के ग्राम रतनहारी के समीप स्थित मढभटुआ सिद्ध धाम आस्था और श्रद्धा का महासागर बन गया। सुबह चार बजे से ही स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। महिलाएं कलश में जल भरकर कतारों में खड़ी नजर आईं, बुजुर्ग श्रद्धालु हाथ जोड़कर भोलेनाथ से सुख-शांति की कामना करते दिखे, वहीं युवा भक्त ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर भक्ति में झूमते हुए धाम पहुंचे।

श्रद्धालुओं का कहना है कि मढभटुआ धाम में सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है। कई महिलाओं ने संतान सुख मिलने की बात साझा की, तो बुजुर्गों ने वर्षों पुरानी मनोकामनाओं के पूर्ण होने की कहानी सुनाई।
महाशिवरात्रि के साथ ही यहां तीन दिवसीय मेले की भी शुरुआत हो गई है। बच्चों के लिए खिलौने और झूले आकर्षण बने हुए हैं, वहीं महिलाओं और बुजुर्गों के लिए श्रृंगार, कपड़े और पूजा सामग्री की दुकानें सजी हैं। मिठाइयों की खुशबू और रौनक से पूरा क्षेत्र उत्सवमय हो उठा है।

रात भर जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहेगा। मढभटुआ सिद्ध धाम इस महाशिवरात्रि पर एक बार फिर श्रद्धा, आस्था और चमत्कारों का जीवंत केंद्र बन चुका है।