सी के पारे
नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के सुप्रसिद्ध हिल स्टेशन एवं पर्यटन स्थल पचमढ़ी में इस वर्ष 6 फरवरी से 15 फरवरी तक महादेव मेला आयोजित किया जाएगा। नर्मदा पुरम कलेक्टर सुश्री सोनिया मीणा एवं पुलिस अधीक्षक साइ कृष्ण एस थोटा ने पचमढ़ी में महादेव मेले की तैयारी की समीक्षा की। पचमढ़ी स्थित संजय गांधी प्रशिक्षण संस्थान में प्रशासनिक अधिकारियों सहित मेला समिति सदस्य, एवं अशासकीय सदस्य गणों की उपस्थिति में महादेव मेला की तैयारी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हिमांशु जैन द्वारा मेले की रूपरेखा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि मेले में मध्य प्रदेश और विशेष कर महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। मेला अवधि में लगभग 5 से 6 लाख श्रद्धालु पचमढ़ी पहुंचते हैं। बैठक में बताया गया कि पूर्व वर्ष की तरह इस बार भी पचमढ़ी में बड़ी बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए मटकुली पर एक चेक पॉइंट बनाया जाएगा। साथ ही पगारा के पास भी एक चेक पॉइंट रहेगा। इस प्रकार दोनों चेक पॉइंट के माध्यम से वाहनों का प्रबंध किया जाएगा। कलेक्टर सुश्री मीणा ने ट्रैफिक पुलिस सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला अवधि के दौरान ट्रैफिक का बेहतर प्रबंधन किया जाए। चिन्हित पार्किंग स्थलों पर भी पर्याप्त रोशनी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था भी रहे। उन्होंने कहा कि पार्किग स्थल पर प्रवेश और निकासी पृथक द्वार तैयार करें जिससे कि वाहनों का आवागमन आसानी से होता रहे। मेला अवधि के लिए संचालित होने वाले वाहनों के भी आवश्यक परमिट जारी किए जाएं। महादेव मार्ग पर संचालित जिप्सी के पिकअप एवं ड्राप पॉइंट निर्धारित किए जाएं। साथ ही कुछ जिप्सी वाहनों के उपलब्धता रिजर्व वाहनों के लिए भी की जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा स्थापित किया जाए। जिससे पार्किंग स्थलों की निगरानी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने एसडीएम पिपरिया को निर्देश किया कि पूर्व वर्ष के दौरान मेले में आई वाहनों की संख्या का इस वर्ष आने वाले वाहनों की संख्या से आकलन कर यातायात प्रबंधन व्यवस्था के लिए उचित कार्य योजना तैयार करें। पार्किंग तथा यातायात प्रबंधन के लिए एक समर्पित टीम को तैयार करें। जो समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओ का जायजा ले। उन्होंने निर्देश दिए की पार्किंग स्थल पर समतलीकरण भी अनिवार्य रूप से किया जाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि मैला पूर्व में एसडीएम,एसडीओपी समविन्त रूप से बैठक कर वहां व्यवस्था के दौरान आने वाले समस्याओं का आकलन कर पूर्व नियोजित कार्य योजना तैयार करें एवं उक्त संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश भी जारी करें।

कलेक्टर ने बैठक में मेला क्षेत्र में बिजली की भी सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाने के निर्देश विद्युत विभाग के उपस्थित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर सुश्री मीणा ने कहा कि सुरक्षा मापदंड के अनुसार सभी जगह सुरक्षित विद्युत कनेक्शन दिए जाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से निर्देश जारी किए की संपूर्ण मेला अवधि के दौरान किसी भी प्रकार के ब्लाइंड स्पॉट्स ना छोड़े सभी जगह पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था आवश्यक रूप से की जाए। उन्होंने कहा कि महादेव मेला मार्ग पार्किंग स्थल, आदि स्थानों पर उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही आपात स्थिति के लिए निर्धारित स्थानों पर जनरेटर की व्यवस्था भी की जाए। कलेक्टर और एसपी ने ट्रैफिक, पार्किंग, पहुंच मार्ग, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य, विद्युत सहित अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। इस दौरान क्षेत्र संचालक एसटीआर राखी नंदा, कैंट बोर्ड सीईओ राहुल गजभिए, उपसंचालक एसटीआर ऋषभा नेताम, एसडीएम पिपरिया आकिप खान, डीसीपी ट्रैफिक संतोष कुमार मिश्रा, सीएमएचओ डॉक्टर नरसिंह गहलोत, आरटीओ रिंकू शर्मा, तहसीलदार वैभव बैरागी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।