नए साल पर रायसेन के पर्यटन स्थलों पर उमड़ी भीड़ सांची स्तूप, भोजपुर शिव मंदिर में पूजा-अर्चना, लोगों ने की मौज-मस्ती
रायसेन । नए साल के पहले दिन गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित पर्यटन स्थलों और मंदिरों में पहुंचे। लोगों ने यहां पूजा-अर्चना के साथ मनोरंजन का भी आनंद लिया, जिससे साल का पहला दिन यादगार बन गया।
सांची स्तूप, भीमबेटका, भोजपुर शिव मंदिर, दरगाह और किले पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। यहां आए लोगों ने टिफिन पार्टियां की और सेल्फी भी ली। विदिशा, रायसेन, भोपाल और इंदौर सहित देशभर से आए पर्यटकों ने इन स्थलों पर पूरा दिन बिताया।

सांची पर्यटन स्थल पर 10,000 से अधिक पर्यटक पहुंचे। वहीं, भोजपुर शिव मंदिर में सुबह 6 बजे से ही लोगों ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की और भगवान शंकर का आशीर्वाद प्राप्त किया। किले की पहाड़ी पर भी लगभग 5 से 6 हजार पर्यटक पहुंचे।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने किले का दौरा किया और सोमेश्वर धाम पहुंचकर जानकारी ली। इसके अतिरिक्त, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे ने भी भोजपुर मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।