– 20 करोड़ से स्टेशन का रिनोवेशन, पर पहुंच मार्ग जर्जर; यात्रियों में आक्रोश
– ओवरब्रिज के कारण डायवर्ट यातायात, खराब सड़क बनी मुसीबत; मरम्मत की मांग
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी के पोहरी रोड से रेलवे स्टेशन को जाने वाली डामर रोड की हालत जर्जर हो चुकी है। रेलवे ने करीब 3 से 4 साल पहले इस सड़क का निर्माण कराया था, लेकिन घटिया काम और बारिश के कारण जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समय पोहरी मार्ग पर ओवरब्रिज निर्माण के चलते यातायात को इसी रोड से डायवर्ट किया गया है। डायवर्जन के बाद इस खराब सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है। रात के समय ट्रेन पकड़ने या उतरने वाले यात्रियों के लिए तो यह मार्ग जानलेवा साबित हो रहा है।
लोगों ने रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब रेलवे स्टेशन के रिनोवेशन पर लगभग 20 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं, तो स्टेशन को जोड़ने वाली मुख्य डामर रोड को सुधारने के लिए कुछ लाख रुपए क्यों नहीं खर्च किए जा रहे। स्टेशन चमकेगा, लेकिन पहुंच मार्ग बदहाल रहेगा तो यात्रियों को सुविधा कैसे मिलेगी।
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि रेलवे प्रशासन जल्द से जल्द स्टेशन रोड की मरम्मत कराए। गड्ढों के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बारिश में स्थिति और विकट हो जाती है। लोगों का कहना है कि रिनोवेशन के साथ-साथ पहुंच मार्ग को दुरुस्त करना भी रेलवे की जिम्मेदारी है।