शिक्षा विभाग में ई-अटेंडेंस समाप्ति की मांग, शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
शासन द्वारा प्रदेश भर में शिक्षकों की स्कूल में उपस्थिति दर्ज करने के लिए ई अटेंडेंस व्यवस्था लागू कर दी है, जिसका विरोध भी पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है। सोमवार को गैरतगंज में शिक्षक कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले विकासखंड गैरतगंज के शिक्षकों ने भी सूबे के मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया कि शिक्षकों की अधिकांश पदस्थापना ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्र में है। जहां शिक्षको के लिये आवास की सुविधा नहीं है और न ही रहने का माहौल है। इसके साथ ही शिक्षकों को अपने शैक्षणिक दायित्वों के अतिरिक्त बच्चों के आधार कार्ड बनवाने और अपडेट करने, बैंक खाता खुलवाने, समग्र आईडी, अपार आईडी, प्रोफाईल अपडेशन, बीएलओ सहित अन्य कार्य भी करने पडते हैं। शिक्षक बिना टीए /डीए जिला एवं ब्लॉक मुख्यालय के अनेक कार्यों को भी संपादित करते हैं, ऐसे में प्रतिदिन शाला खुलने और बंद होने के समय ई- अटेंडेंस लगा पाना व्यवहारिक नहीं है, शिक्षकों के दायित्वों को जानते हुए भी इलेक्ट्रानिक उपकरणों की व्यवस्था पर भरोसा करके वेतन
व्यवस्था बनाना कई विवादों और समस्याओं को जन्म देता है।
इसके अलावा प्रार्थना सभा और प्रथम कालखण्ड में अव्यवस्थित नेटवर्क लोकेशन और चेहरे की पहचान के आधार पर ई-अटेंडेंस व्यवस्था हर समय सही से काम नहीं कर सकती है ऐसे में शिक्षकों के समय पर विद्यालय में उपस्थित होने पर भी अटेंडेंस नहीं लगेगी। इस व्यवस्था से शैक्षणिक कार्य पर भी विपरीत प्रभाव पडता है तथा मानसिक तनाव हमेशा बना रहता है।
ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों ने सूबे के मुख्यमंत्री से ई अटेंडेंस व्यवस्था समाप्त करने की मांग की है।