– जरा सी बारिश में फिर जलमग्न हुए शिवपुरी के इलाके
– लोगों ने कलेक्टर से नाले की पुरानी फाइल देखने की मांग की
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शहर में मंगलवार की थोड़ी सी बारिश में ही नमो नगर, रेलवे स्टेशन रोड सहित कई अवैध कॉलोनियों में फिर जलभराव हो गया। पानी निकासी न होने से सड़कें तालाब बन गईं और आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालों पर हुए अतिक्रमण के कारण बारिश का पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है। नमो नगर में घुटनों तक पानी भर गया। घरों में पानी घुसने से लोग परेशान हैं। रेलवे स्टेशन रोड पर भी जगह-जगह गड्ढे और जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
निवासियों ने कहा कि कॉलोनाइजरों ने नालों को दबाकर प्लाट काट दिए हैं। पहले जिन नालों से पानी निकलता था उन्हें बंद कर दिया गया है। लोगों ने कलेक्टर से मांग की कि नाले की पुरानी फाइल निकलवाकर जांच की जाए कि आखिर किसने नाला बंद किया और किसके इशारे पर अतिक्रमण हुआ।
इस मामले को लेकर लोगों ने भाजपा प्रवक्ता धैर्यवर्धन शर्मा से भी शिकायत की। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
लोगों का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति बनती है। नालों की सफाई नहीं होती और अतिक्रमण नहीं हटता। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो अगली बारिश में स्थिति और खराब हो सकती है।
नागरिकों ने प्रशासन से नालों पर से अतिक्रमण हटाने, पानी निकासी का स्थायी इंतजाम करने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।