सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर क़स्बा गढ़ी सहित तहसील भर में डोल ग्यारस पर्व के मौके पर नगर सहित तहसील भर में धार्मिक आयोजन किए गए। इस मौके पर नगर गैरतगंज एवं क़स्बा गढ़ी में हिन्दू उत्सव समिति के तत्वाधान में भगवान के विमानों की शोभा यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के साथ जुलूस में बडी संख्या में धर्म प्रेमी शामिल हुए। बरसते पानी के बीच में विमानों का जलाभिषेक कराया गया।

डोल ग्यारस का पर्व नगर ग़ैरतगंज एवं क़स्बा गढ़ी सहित क्षेत्रभर में परम्परागत धार्मिक माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर भगवान को विमानों पर बैठाकर परम्परागत तरीके से पूरे ग़ैरतगंज एवं गढ़ी में भ्रमण कराया गया। श्री रामजानकी बड़े मंदिर से प्रारंभ हुआ विमानों का चल समारोह पहले हनुमान मंदिर टेकापार पहुंचा जहां से मुख्य मार्गों से होता हुआ बीना नदी डमडोला घट पहुंचा, इस बीच जगह जगह लोगो ने विमानों की पूजा अर्चना की। शोभायात्रा के साथ चल रहे लोग हाथी घोडा पालकी जय कन्हैयालाल की का उदघोष करते हुए चल रहे थे।

वहीं नगर के सभी प्रमुख मार्गो से विमानों के साथ बड़ी संख्या में लोग बरसते पानी के बीच चल रहे थे। नगर भ्रमण के बाद बीना नदी में भगवान के विमानों का जलाभिषेक हुआ। वहीं क़स्बा गढ़ी में महावली खो मंदिर से विमानों के साथ चल समारोह शुरू हुआ जो रेंज मंदिर, राम-जानकी मंदिर, माता मंदिर एवं मुख्य मार्गो से होता महावली खो मंदिर पहुंचकर समापन हुआ जहां बडी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं को विशेष प्रसाद का वितरण भी किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।