देवास। प्रदेशभर के नगरीय निकायों के सभी महत्वपूर्ण कामों के लिए बने ई नगर पालिका पोर्टल पर सायबर अटैक के दुष्परिणाम सामने आने लगे हैं। पोर्टल से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के फोटो व अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां चोरी कर हैकर्स ने डार्क वेब पर अपलोड कर दी है।
दूसरी तरफ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के फोटो व नाम सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के जरिए दूसरे देशों के नंबर से व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाकर रुपये मांगने का मामला भी सामने आया है। देवास के नगर निगम आयुक्त और नगर निगम सभापति के साथ भी यही हुआ। आयुक्त ने मामले में एसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई का निवेदन किया है।
पिछले कुछ दिनों से ई नगर पालिका पोर्टल पर सायबर अटैक के कारण निगम सहित अन्य नगरीय निकायों के कई महत्वपूर्ण काम अटके हुए हैं। इधर बुधवार को नगर निगम आयुक्त रजनीश कसेरा और नगर निगम सभापति रवि जैन के फोटो व अन्य जानकारी वाले व्हाट्सएप प्रोफाइल भी सामने आए। व्हाट्सएप के प्रोफाइल में फोटो व नाम तो अधिकारी व जनप्रतिनिधि के थे लेकिन नंबर किसी अन्य देश के थे। इन नंबरों से अधिकारियों व कर्मचारियों को अलग-अलग संदेश भी भेजे गए।
बाद में दोनों ही जिम्मेदारों ने मामले को संज्ञान में लिया और आयुक्त ने पत्र लिखकर एसपी को शिकायत भी की। निगम सभापति रवि जैन ने बताया कि उनका वाट्सएप का डिस्प्ले पिक्चर व नाम लगाकर लोगों को संदेश भेजे गए हैं। अन्य देश के नंबर से अज्ञात व्यक्ति ने लोगों को वाट्सएप संदेश भी भेजे। आयुक्त के फोटो का उपयोग भी इसी प्रकार के संदेश के लिए किया गया। बाद में आयुक्त द्वारा एसपी को की गई शिकायत में बताया कि नगर निगम के महापौर, सभापति, आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों की फोटो व नाम का उपयोग कर अन्य नंबर से लिंक भेजकर राशि की मांग की जा रही है। शिकायत के बाद पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।