कार्रवाई से मचा हड़कंप, तीन दिन में दीवानगंज पुलिस ने 14 हजार रुपए के बनाए चालान
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल–विदिशा हाईवे 18 पर इन दिनों पुलिस की सख्ती चरम पर है। दीवानगंज चौकी के सामने शाम के समय और कर्क रेखा के समीप सुबह के समय यातायात पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों, बिना सीट बेल्ट चारपहिया चालकों और अधूरे दस्तावेज रखने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। दीवानगंज पुलिस ने पिछले 3 दिनों में कुल 34 चालान बनाते हुए करीब 14,000 रुपए का समन शुल्क वसूला है। वहीं यातायात पुलिस की कार्रवाई भी लगातार जारी है।

पुलिस की सख्ती से बचने के लिए कई वाहन चालक रास्ता बदलने और दूर खड़े होने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन पुलिस ने किसी को भी नहीं बख्शा और सभी को पकड़कर चालानी कार्रवाई की। इस दौरान कई वाहन चालकों ने मौके पर ही शपथ ली कि वे आगे से बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन नहीं चलाएंगे।
कार्रवाई के दौरान सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी, दीवानगंज चौकी प्रभारी एएसआई सुनील शर्मा, प्रधान आरक्षक पुष्पेंद्र सिंह राजपूत, दिलीप यादव, आरक्षक संदीप रघुवंशी सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
नशा मुक्ति और यातायात नियमों पर फोकस
पुलिस द्वारा समय समय पर क्षेत्र में लगातार अभियान चलाकर नशा मुक्ति के साथ-साथ यातायात नियमों का पालन कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस सख्ती का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। बता दे की भोपाल विदिशा हाईवे 18 पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण पुलिस भी खासा परेशान रहती है। पुलिस द्वारा वाहनों की चेकिंग लगातार जारी रहेगी।