रायसेन।मध्यप्रदेश स्थापना दिवस महोत्सव के तहत रायसेन में आयोजित लाड़ली लक्ष्मी वाटिका और लाड़ली लक्ष्मी पथ लोकार्पण कार्यक्रम का सहकारिता, लोक सेवा प्रबंधन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ अरविंद भदौरिया, स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी, सांसद श्री रमाकांत भार्गव, सिलवानी विधायक श्री रामपाल सिंह तथा भोजपुर विधायक श्री सुरेन्द्र पटवा द्वारा कन्यापूजन और दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा तथा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के शुभारंभ में प्रभारी मंत्री डॉ भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रारंभ की गई लाड़ली लक्ष्मी योजना से समाज में बेटियों के प्रति सोच में बदलाव आया है। आज जब घर में बेटी जन्म लेती है तो उसे बोझ नहीं वरदान माना जाता है। सब कहते हैं कि घर में लाड़ली आई है, लक्ष्मी आई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान केवल राजनैतिक नेता नहीं है, वह अध्यात्मिक नेता भी है, सामाजिक नेता भी है, सुधारवादी नेता भी है।
प्रभारी मंत्री डॉ भदौरिया ने कहा कि समाज का आधा भाग, आधी आबादी बेटिया हैं, बहने हैं, माताएं हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इनकी चिंता करते हुए बेटी के जन्म से लेकर उसकी शिक्षा, रोजगार, विवाह के लिए योजनाएं प्रारंभ की है। पहले लोग बेटियों को बोझ

समझते थे, बेटों को ज्यादा महत्व देते थे। बेटियों को स्कूल नहीं भेजते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है, लोगों की सोच में बदलाव आया है। प्रदेश सरकार की योजनाओं की मदद से बेटियों को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। कई क्षेत्रों में बेटियां, बेटों से अच्छा काम कर रही हैं। देश-विदेश में नाम रौशन कर रही हैं।
प्रभारी मंत्री डॉ भदौरिया ने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसे अन्य राज्यों ने भी अपने यहां प्रारंभ किया है। आज मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 के तहत कॉलेज में प्रवेश लेने वाली बालिकाओं के बैंक खाते में राशि अंतरित की जा रही है। लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 के तहत लाड़ली बालिकाओं को कॉलेज में प्रवेश लेने पर 12500 रू और अंतिम वर्ष में 12500 रू इस प्रकार 25 हजार रू की राशि प्रदान की जाती हैं।

लाड़ली लक्ष्मी योजना से बेटियों के प्रति सोच में बदलाव आया है- स्वास्थ्य मंत्री
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने कहा कि आज मध्यप्रदेश के लिए गौरव का दिन है। वर्ष 2007 में लाड़ली लक्ष्मी योजना का शुभारंभ हमारे रायसेन जिले से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई थी। आज पूरे प्रदेश में लगभग 43 लाख से अधिक लाड़ली लक्ष्मियां है। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा आज भोपाल से पूरे प्रदेश में लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 का शुभारंभ किया जा रहा है। साथ ही रायसेन सहित प्रदेश के सभी जिलों में लाड़ली लक्ष्मी वाटिका और लाड़ली लक्ष्मी पथ का लोकार्पण किया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा गर्भवती महिलाओं, माताओं, बालिकाओं सभी के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं। बेटी को जन्म के साथ ही योजनाओं का लाभ मिलने लगता है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसूति सहायता योजना चलाई जा रही है जिसके तहत 16 हजार रू की राशि प्रदान की जाती है। लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत बेटियों को स्कूल में प्रवेश के साथ ही राशि प्रदान की जाती है। जैसे-जैसे बेटी पढ़ाई करती जाती है, उसको सहायता राशि मिलती है। कक्षा 6वीं में आने पर दो हजार रू, कक्षा 9वीं में आने पर चार हजार रू, कक्षा 11वीं और 12वीं में 06-06 हजार रू ओर जब बेटी 21 साल की हो जाती हे, तो लखपति बन जाती है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि अब लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 के तहत कॉलेज की पढ़ाई करने पर 25 हजार रू की राशि प्रदान की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा शिक्षा के लिए निरंतर काम किया जा रहा है। निःशुल्क किताबें, गणवेश, साईकिल प्रदान की जा रही है। इसके अलावा व्यवसायिक और तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाली बेटियों की कॉलेज की फीस भी सरकार द्वारा जमा की जा रही है। महिलाओं को, बालिकाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए भी काम किया जा रहा है। नल जल योजनाओं का संचालन, राशन दुकानों का संचालन महिलाओं द्वारा किया जाएगा। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में सांसद श्री रमाकांत भार्गव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में सरकार द्वारा बालिकाओं के लिए, महिलाओं के लिए, युवाओं के लिए, किसानों के लिए… समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास और कल्याण के लिए योजनाएं चलाई जा रही है। इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंच रहा है और वह विकास की मुख्य धारा से जुड़ रहा है।

आज बेटियां बोझ नहीं, वरदान हैं- सिलवानी विधायक रामपालसिंह
कार्यक्रम में सिलवानी विधायक श्री रामपाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जब सांसद थे, जब लाड़ली लक्ष्मी योजना वर्षो तक उनके मन में थी। उनकी इच्छा थी कि प्रदेश में जब बेटी जन्म ले तो वह लखपति हो। बेटी को बोझ नहीं वरदान समझा जाए। लोग बेटियों के जन्म पर खुशी मनाएं। जब वह मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना प्रारंभ की। उन्होंने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना और कन्यादान योजना जिले से ही प्रारंभ हुई है। उन्होंने कहा कि बेटियों को वरदान बनाने की जो बात मुख्यमंत्री श्री चौहान करते थे, उसे उन्होंने पूरा किया है। आज बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा, रोजगार, विवाह तक के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं।

प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय काम हो रहा है- सुरेन्द्र पटवा
कार्यक्रम में भोजपुर विधायक श्री सुरेन्द्र पटवा ने कहा कि रायसेन जिले के लिए गौरव की बात है कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वर्ष 2007 में लाड़ली लक्ष्मी योजना की शुरूआत रायसेन जिले में भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में की गई थी और प्रदेश की पहली लाड़ली जिले की बेटी है। आज मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 प्रारंभ की जा रही है, जिसमें कॉलेज की पढ़ाई करने वाली लाड़ली लक्ष्मी को 12500-12500 रू दो किश्तों में कुल 25 हजार रू की राशि प्रदान की जा रही है। विधायक श्री पटवा ने कहा कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय काम किए जा रहे हैं। महिलाओं को, बालिकाओं को आगे बढ़ने के, अपने सपने पूरे करने के अवसर सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सभी वर्गो को ध्यान में रखकर योजनाएं चलाई जा रही हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा और कलेक्टर श्री अरविंद दुबे द्वारा भी संबोधित किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री डॉ भदौरिया, स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी, सांसद श्री भार्गव, विधायक श्री सिंह तथा श्री पटवा द्वारा लाड़ली लक्ष्मी वाटिका और लाड़ली लक्ष्मी पथ का लोकार्पण किया गया। कलेक्टर निवास के समीप स्थित पार्क को लाड़ली लक्ष्मी वाटिका बनाया गया है तथा गोपालपुर से महामाया चौक मार्ग को लाड़ली लक्ष्मी पथ बनाया गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के उद्बोधन का लाईव प्रसारण देखा व सुना गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री विकास शहवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री पीसी शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लाड़ली लक्ष्मीयां तथा नागरिक उपस्थित थे।