अमन होटल के पास पुरानी बात को लेकर हुआ विवाद, चार युवकों पर मारपीट का आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच
रामभरोस विश्वकर्मा मंडीदीप रायसेन
जिले के मंडीदीप में पुरानी बात को लेकर हुए विवाद में 18 वर्षीय युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। फरियादी ने चार युवकों पर पाइप, बेल्ट और लात-घूंसों से हमला करने तथा पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, वार्ड क्रमांक 5 सुभाष नगर निवासी केशव साहू (18) मजदूरी का काम करता है। उसका आरोप है कि 28 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे संदीप नाम का युवक उसके घर के बाहर मिला और घूमने चलने के लिए कहा। इसके बाद दोनों अमन होटल पहुंचे। वहां केशव का दोस्त राधे मिला, जिसने पुरानी बात को लेकर उसे गालियां देना शुरू कर दिया।

केशव ने जब गाली देने से मना किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि संदीप ने पाइप से और राधे ने बेल्ट से उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान कृष्णा और नवीन भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी लात-घूंसों से हमला किया।
फरियादी के मुताबिक, चारों युवक मारपीट के दौरान उसे धमकी दे रहे थे कि यदि उसने थाने में शिकायत की तो उसे जान से खत्म कर देंगे। घटना ढाबे पर काम करने वाले कर्मचारियों के सामने हुई। इसके बाद केशव ने मंडीदीप थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस का पक्ष: मामले में मंडीदीप थाना प्रभारी रंजीत सराठे ने बताया कि फरियादी की शिकायत के आधार पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।