Let’s travel together.

लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ गोष्ठी में विपक्ष पर बरसे सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी

0 71

बोले- वोट चोरी के आरोप लगाकर जनता को गुमराह कर रहा विपक्ष, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी

रायसेन। शहर के सागर रोड स्थित श्रीराम परिसर में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ विषय पर गणमान्य नागरिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में शहर के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में लोकतंत्र, देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, चुनाव प्रक्रिया और सामाजिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विचार रखे गए।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के नेता भीड़ एकत्रित कर अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास और जनमत सर्वोपरि होता है। चुनाव के माध्यम से जनता का समर्थन हासिल कर सत्ता तक पहुंचना ही लोकतांत्रिक तरीका है, लेकिन विपक्षी दल चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाकर और वोट चोरी जैसे आरोप लगाकर नागरिकों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

SIR प्रक्रिया पर उठाए जा रहे सवालों को बताया गलत
डॉ. चौधरी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का उल्लेख करते हुए कहा कि मतदाता सूची को व्यवस्थित और त्रुटिरहित बनाना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। इस प्रक्रिया के तहत मृत व्यक्तियों, विदेशियों और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों की जांच कर आवश्यक संशोधन किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए यह प्रक्रिया अपनाई जा रही है, तो इसमें गलत क्या है?
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का काम निष्पक्ष चुनाव कराना और मतदाता सूची को दुरुस्त रखना है। ऐसी संवैधानिक प्रक्रिया पर बेवजह सवाल खड़े करना उचित नहीं है।

नफरत की राजनीति देश के लिए खतरनाक
विधायक ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन इसके नाम पर समाज में भ्रम और अविश्वास का माहौल पैदा करना देश के हित में नहीं है। लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखना केवल सरकार या किसी राजनीतिक दल की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि अराजकता से किसी भी समाज और देश का विकास संभव नहीं है। देश को आगे बढ़ाने के लिए सामाजिक सद्भाव, आपसी विश्वास और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान जरूरी है।

युवाओं से जागरूकता फैलाने की अपील
डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और आम नागरिक प्रधानमंत्री के साथ खड़ा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आगे आकर समाज में जागरूकता फैलाएं तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति लोगों को जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि जब नागरिक जागरूक होंगे और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझेंगे, तभी समाज में फैल रही अराजकता और भ्रम की स्थिति को समाप्त किया जा सकेगा। लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
गोष्ठी में वक्ताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने, सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और देश के विकास में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण  द्वारा सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ      |     नन्हे शेफ की बड़ी उड़ान, माँ के संग सजा स्वाद और मुस्कान     |     मजदूरों की कमी से धान कटाई में आई तेजी, खेतों से फसल घर लाने की जद्दोजहद में जुटे किसान     |     घने कोहरे में कुलहड़िया के अंधे मोड़ पर पलटा वाहन, चालक घायल, बड़ा हादसा टला     |     दीपावली की तैयारियों में जुटे कुम्हार, दिन-रात बना रहे मिट्टी के दीये और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां     |     हाईवे-18 पर बस चालकों की मनमानी, जहां मन हुआ वहीं रोक दी यात्री बस     |     भैंसरा में जमीयत उलेमा कमेटी का गठन     |     देश के विकासशील राज्यों में मध्यप्रदेश सबसे आगे है – उप मुख्यमंत्री      |     रीवा के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की व्यवस्थाओं से एनएबीएच टीम संतुष्ट     |     उप मुख्यमंत्री ने हिनौती गौधाम में 2 नवीन गौ शेड का किया लोकार्पण, पहुंच मार्ग का भूमि पूजन     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811