कुलहड़िया में देर रात भरभराकर गिरी दीवार, गनीमत रही बाहर की ओर गिरने से टला बड़ा हादसा
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के दीवानगंज क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही रिमझिम बारिश ने गरीब परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार बारिश के कारण कच्चे मकानों की दीवारों में सीलन और नमी आने से अब उनके गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। क्षेत्र के कई गांवों में कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों पर हादसे का खतरा मंडरा रहा है।
रात कुलहड़िया निवासी इरशाद खान के घर की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि दीवार घर के अंदर की ओर न गिरकर बाहर की तरफ गिरी, जिससे परिवार के सदस्यों को किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि दीवार गिरने से परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
इरशाद खान ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में घर की दीवार गिर जाने से उनके सामने नई परेशानी खड़ी हो गई है। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण कच्ची दीवार में पानी और सीलन आने से वह कमजोर हो गई थी और देर रात अचानक गिर गई।
बारिश बढ़ी तो और बढ़ सकता है खतरा
क्षेत्र में एक दिन पहले हुई तेज बारिश के दौरान दीवानगंज, कुलहड़िया, सेमरा, अंबाडी, बालमपुर सहित आसपास के कई गांवों में ग्रामीणों के घरों में बारिश का पानी घुस गया था। पानी भरने के कारण कच्चे मकानों की दीवारों में नमी और सीलन बढ़ गई है। अब लगातार बारिश होने से इन दीवारों के कमजोर होकर गिरने का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अभी बारिश का दौर जारी है। यदि इसी तरह बारिश होती रही तो कच्चे मकानों में रहने वाले गरीब परिवारों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। कई परिवारों के पास सुरक्षित स्थान पर जाने या मकान की मरम्मत कराने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं।
प्रशासन से सर्वे और राहत की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए कच्चे मकानों का तत्काल सर्वे कराया जाए। जिन परिवारों के मकान या दीवारें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उन्हें नियमानुसार राहत राशि और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।