लोक अभियोजक नियुक्त होने पर गिरजेश कुशवाहा का भव्य स्वागत, जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
रायसेन। अधिवक्ता गिरजेश कुशवाहा को जिला रायसेन (मध्य प्रदेश) का लोक अभियोजक (Public Prosecutor) नियुक्त किए जाने पर जिले में खुशी का माहौल रहा। उनकी नियुक्ति पर भाजपा नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी और उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा तथा पूर्व विधायक रामपाल सिंह राजपूत ने गिरजेश कुशवाहा का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति से न्यायिक व्यवस्था को अनुभवी, ईमानदार और योग्य विधि विशेषज्ञ का सहयोग मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि गिरजेश कुशवाहा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और विधिक दक्षता के साथ करेंगे।
गिरजेश कुशवाहा ने इस अवसर पर सभी वरिष्ठ नेताओं, शुभचिंतकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और संविधान के प्रति प्रतिबद्धता के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि न्यायहित सर्वोपरि रहेगा और कानून के शासन को मजबूत बनाने के लिए वे पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने भी गिरजेश कुशवाहा को बधाई देते हुए उनके सफल एवं गौरवपूर्ण कार्यकाल की कामना की। समारोह के दौरान आत्मीय वातावरण में मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया गया।