Let’s travel together.

सात दिन बाद नदी में दफन मिला विजय जैन का शव, हत्या की आशंका से सनसनी

0 330

गैरतगंज के प्रतिष्ठित कारोबारी की संदिग्ध मौत; साक्ष्य मिटाने के लिए नदी में दफनाने का शक, चार लोग हिरासत में, एसपी सहित एफएसएल और डॉग स्क्वॉड ने संभाली जांच

सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन

रायसेन जिले की गैरतगंज तहसील में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब सात दिन से लापता युवक विजय जैन (48) का शव परासिया गांव के पास नदी में दफन अवस्था में बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि आरोपियों ने हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को नदी किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया था, ताकि बारिश के दौरान पानी भरने पर घटना का कोई सुराग न मिले।

मृतक विजय जैन, पिता स्वर्गीय ताराचंद जैन, गैरतगंज के बाजार चौक निवासी थे। वे 7 जुलाई की शाम से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थे। उनका मोबाइल बंद था और घर पर भी ताला लगा मिला। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।

लगातार सात दिनों तक चली तलाश के बाद सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि गैरतगंज से करीब सात किलोमीटर दूर परासिया गांव के पास नदी किनारे एक शव दफन है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खुदाई कर शव बाहर निकाला। शव पर वही कपड़े मिले जो विजय जैन के लापता होने से पहले सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए थे। उनकी एक आंख कृत्रिम (आर्टिफिशियल) होने के कारण भी पहचान की पुष्टि हुई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक, एसडीओपी सोनाली गया, थाना प्रभारी डी.पी. लोहिया सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड, अतिरिक्त पुलिस बल एवं वज्र वाहन को भी जांच में लगाया गया। देर शाम शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

बकरी चराने वाले की सतर्कता से खुला हत्या का राज

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब एक बकरी चराने वाला व्यक्ति नदी किनारे पहुंचा। उसने देखा कि कई कुत्ते एक स्थान पर लगातार भौंक रहे हैं। पास जाकर देखने पर जमीन से बाहर निकला एक पैर दिखाई दिया, जिसे कुत्ते नोच रहे थे। उसने तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कर शव बरामद किया।

प्रारंभिक जांच में शव का चेहरा काफी हद तक गल चुका था, जबकि एक पैर कुत्तों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद शव को गहराई में दफनाया गया था ताकि घटना लंबे समय तक छिपी रहे।

प्रतिष्ठित परिवार से था मृतक

विजय जैन गैरतगंज के एक प्रतिष्ठित एवं संपन्न जैन परिवार से थे। वर्ष 2013 में उनके घर पर हुई चर्चित डकैती में तीन करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी हुई थी। उनके पिता स्वर्गीय ताराचंद जैन क्षेत्र में ब्याज पर लेन-देन का कार्य करते थे। पिता के निधन के बाद विजय जैन ही पूरे कारोबार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अविवाहित विजय की संदिग्ध मौत से पूरे नगर में शोक, आक्रोश और भय का माहौल है।

चार लोग हिरासत में, हर पहलू से जांच जारी

पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या के कारणों तथा आरोपियों की भूमिका का खुलासा किया जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक ने बताया कि, “मृतक की पहचान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की गई है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.

राजगढ़ पुलिस का मानवीय चेहरा:08 माह की मासूम को मिली मां की ममता     |     आत्मा की आवाज, मूल्यबोध और धर्ममय जीवन ही सफलता का आधार” : मुनि श्री प्रमाण सागर महाराज     |     रेंज हनुमान मंदिर, मंगलवार-शनिवार उमड़ती है हजारों श्रद्धालुओं की भीड़     |     बारिश न होने से बढ़ी किसानों की चिंता, धान की रोपाई ठप     |     प्रधानमंत्री योजना की सड़क खोदकर छोड़ दी, एक सप्ताह बाद भी नहीं हुई मरम्मत; दीवानगंज फैक्ट्री चौराहे पर हादसे का खतरा बढ़ा     |     सत्ती टोला को मिली पक्की सड़क की सौगात, 6.77 लाख की सीसी रोड का लोकार्पण, बरसों की परेशानी हुई दूर     |     सात दिन बाद नदी में दफन मिला विजय जैन का शव, हत्या की आशंका से सनसनी     |     एडवोकेट गिरजेश कुशवाहा बने लोक अभियोजक     |     कई परिवारों को मिली बड़ी सौगात: 152 आवासहीनों को पट्टे, 286 हितग्राहियों को पीएम आवास की स्वीकृति     |     डॉ. प्रभुराम चौधरी के प्रयासों से साँची विधानसभा को मिली 5 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811