– पहली किस्त के रूप में 2.86 करोड़ रुपए सीधे खातों में पहुंचे, विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी बोले- हर पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले के गैरतगंज नगर परिषद परिसर में सोमवार को आयोजित हितलाभ वितरण कार्यक्रम में अनेक परिवारों को बड़ी सौगात मिली। कार्यक्रम में साँची विधायक एवं पूर्व मंत्री डा. प्रभुराम चौधरी ने 152 आवासहीन परिवारों को आवासीय पट्टों का वितरण किया, वहीं 286 पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के स्वीकृति पत्र प्रदान किए। साथ ही योजना के अंतर्गत प्रथम किस्त के रूप में 2.86 करोड़ रुपए की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार की मंशा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गरीब परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है तथा नगर के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने नगर में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों और स्वीकृत परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने नगर विकास के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करते रहने का संकल्प भी दोहराया।

नगर परिषद अध्यक्ष जिनेश सिंघई ने कहा कि परिषद शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उपाध्यक्ष अशोकसिंह ठाकुर ने भी नगर के विकास में जनसहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए हितग्राहियों से समयबद्ध निर्माण कार्य पूर्ण करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मनोज पठ्या, वरिष्ठ नेता नरेंद्र पटेल, पार्षद रामकृपाल श्रीवास्तव, मानसिंह कीर, रोहित जैन, वकीलसिंह ठाकुर, जितेंद्र राय, बाबूलाल राय, गौरीशंकर चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे। समारोह के दौरान हितग्राहियों ने शासन की योजनाओं का लाभ मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।