Let’s travel together.

हाईवे-18 बना हादसों का हॉटस्पॉट, 72 घंटे में तीन बड़े हादसे

0 28

– बालमपुर घाटी से मुक्तापुर तक दहशत

मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन

भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने यात्रियों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीते तीन दिनों में बालमपुर घाटी, दीवानगंज और मुक्तापुर क्षेत्र में तीन बड़े सड़क हादसे सामने आए हैं, जिनमें कई लोग घायल हुए हैं और लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं के बाद क्षेत्रवासी हाईवे को “हादसों का हॉटस्पॉट” बताने लगे हैं।

चंद्रा गार्डन के समीप भूसे से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक 14 चक्का ट्राले ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर के आगे के दोनों पहिए निकल गए और वाहन सड़क से नीचे उतर गया। भूसा हाईवे पर बिखर जाने से काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। गनीमत रही कि ट्रैक्टर चालक और क्लीनर सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन लेकर फरार हो गया, लेकिन ट्रैक्टर चालक और क्लीनर ने पीछा कर बालमपुर घाटी के पास ट्राले को पकड़ लिया।

इससे पहले दीवानगंज पुरानी चौकी के सामने मोटरसाइकिल और बैटरी ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत में ऑटो चालक राम सिंह लोधी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मोटरसाइकिल सवार मौके से फरार हो गया। घायल को एम्बुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

वहीं रविवार रात मुक्तापुर स्थित वाटिका रेस्टोरेंट के सामने तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने जमकर कहर बरपाया। पहले उसने जन्मदिन समारोह में जा रहे युवकों की कार को टक्कर मारी, फिर बेकाबू होकर पार्किंग में खड़ी तीन अन्य कारों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि चार वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

लगातार हो रहे हादसों ने हाईवे-18 की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बालमपुर घाटी, दीवानगंज पुरानी चौकी, चंद्रा गार्डन और मुक्तापुर जैसे संवेदनशील स्थानों पर न तो पर्याप्त चेतावनी संकेत हैं और न ही प्रभावी गति नियंत्रण की व्यवस्था।

क्षेत्रवासियों की मांग

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से हाईवे पर स्पीड कंट्रोल उपाय, रंबल स्ट्रिप, चेतावनी बोर्ड, पुलिस गश्त और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की विशेष निगरानी की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में और बड़े हादसे हो सकते हैं।

लगातार तीन दिनों में तीन बड़े हादसों ने यह साफ कर दिया है कि भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

सड़क पर संग्राम: ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ पर अड़े ग्रामीण, SDM-तहसीलदार की समझाइश के बाद शुरू हुई वोटिंग     |     एआइ उपयोग से पर्यटकों की यात्रा सुगम- ललित गौड़      |     सितंबर में ही खिले कांस के फूल, बारिश की विदाई का दे रहे संकेत     |     श्राद्ध कार्यक्रम में मां की स्मृति में रोपा पौधा, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश     |     चिटफंड कंपनी के नाम पर लाखों रुपये हड़पने वाला शातिर ठग चढ़ा पुलिस के हत्थे     |     शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, वरिष्ठता, पदोन्नति और ई-अटेंडेंस की विसंगतियां दूर करने की मांग      |     पंचायत भवन में चोरी, वाई-फाई कैमरा और दो सोलर प्लेट ले गए चोर     |     जंगल में बाघों और गांवों में इंसानों की मौत—क्या यह एक ही संकट की दो तस्वीरें हैं?- दीपक कांकर      |     पंचायत उपनिर्वाचन अंतर्गत जिला पंचायत सदस्य वार्ड क्र-3 मेहगांव सीट पर सबसे कम तथा ग्राम पंचायत कन्हवार में सरपंच पद के लिए हुआ सबसे ज्यादा मतदान     |     मध्यप्रदेश पुलिस के 100 अधिकारियों-कर्मचारियों को डीजी प्रशस्ति पत्र एवं डिस्क     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811