सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले के गैरतगंज मे राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार शनिवार को न्यायालय परिसर गैरतगंज में आयोजित नेशनल लोक अदालत में 16 प्रकरणों का आपसी समझौते के आधार पर त्वरित निराकरण किया गया। इस दौरान कुल 16 लाख 61 हजार 232 रुपए की राशि के समझौते हुए। लोक अदालत का आयोजन न्यायाधीश आकांक्षा शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उन्होंने पक्षकारों को आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने के लिए प्रेरित किया, जिससे लंबे समय से लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान हो सका। निराकृत प्रकरणों में 2 आपराधिक मामले, धारा 138 के 11 चेक बाउंस प्रकरण, महिलाओं से संबंधित 1 मामला, 1 सिविल प्रकरण तथा 1 अन्य विविध प्रकरण शामिल रहे।

न्यायाधीश आकांक्षा शर्मा ने कहा कि लोक अदालत न्याय प्राप्त करने का सरल, सुलभ और कम खर्चीला माध्यम है। इससे समय और धन दोनों की बचत होती है तथा पक्षकारों के बीच आपसी सौहार्द भी बढ़ता है। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से कई पुराने विवादों का त्वरित समाधान संभव हो पाया। लोक अदालत के आयोजन से न्यायालय परिसर में सकारात्मक वातावरण रहा। पक्षकारों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे विवाद निपटारे का प्रभावी माध्यम बताया।