मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड की ग्राम पंचायत अंबाडी में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विशेष ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरपंच,पंचायत प्रतिनिधियों, सचिवों और ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जहां ग्राम विकास और स्थानीय शासन को मजबूत करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा की गई।
बैठक में पंचायती राज व्यवस्था को सुदृढ़ करने, स्थानीय स्वशासन को बढ़ावा देने, “आत्मनिर्भर ग्राम पंचायत” के निर्माण, ग्राम संवाद को सक्रिय करने तथा ‘ग्राम संपदा ऐप’ के माध्यम से पंचायत की संपत्तियों के डिजिटलीकरण पर जोर दिया गया। साथ ही शासन द्वारा संचालित स्व-गणना अभियान के बारे में भी ग्रामीणों को विस्तृत जानकारी दी गई।
ग्राम सभा में किसानों को नरवाई (फसल अवशेष) में आग न लगाने के लिए विशेष रूप से जागरूक किया गया। बताया गया कि ऐसा करना दंडनीय अपराध है, जिस पर जुर्माना और सजा दोनों का प्रावधान है। यदि कोई व्यक्ति खेत में आग लगाते हुए पाया जाता है या उसके कारण आग फैलती है, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
इसके अलावा ग्रामीणों के साथ मिलकर गांव की विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई और सहभागिता से विकास को गति देने पर बल दिया गया।
गौरतलब है कि हर वर्ष 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य गांव स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करना और पंचायतों की भूमिका को सशक्त एवं सम्मानित करना है