मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज क्षेत्र में अक्षय तृतीया का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में खास उत्साह देखने को मिला, वहीं बाजारों में दिनभर खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही।
अक्षय तृतीया के मौके पर विशेष रूप से गुड्डा-गुड़िया और उनके विवाह में उपयोग होने वाली सामग्री की जमकर बिक्री हुई। परंपरा के अनुसार इस दिन बच्चों द्वारा गुड्डा-गुड़िया के विवाह का आयोजन किया जाता है, जिसे लेकर बाजारों में अलग ही रौनक नजर आई।
इसके साथ ही इस दिन को विवाह के लिए बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि अक्षय तृतीया पर बिना मुहूर्त देखे भी विवाह किए जा सकते हैं, यही वजह रही कि दीवानगंज, अंबाडी सहित आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में शादियां संपन्न हुईं। बाजारों में रेडीमेड बांस से बने सूपा, पर्स, टोकनी, तोरण, कटार, रंग-बिरंगे पंखे, सितारों से सजे मोर मुकुट, पूजन सामग्री और दूल्हा-दुल्हन के कपड़ों की बिक्री खूब हुई। व्यापारियों के अनुसार इस दिन सराफा, बर्तन और रेडीमेड कपड़ों के कारोबार में करीब 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई।
ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे, जिससे पूरे दिन बाजारों में चहल-पहल बनी रही।कुल मिलाकर अक्षय तृतीया पर दीवानगंज क्षेत्र में परंपरा, उत्साह और व्यापार तीनों का संगम देखने को मिला।