दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा, नरखेड़ा,गीदगढ़ सहित आसपास पंचायत के सरपंचों और ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड की मांग
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले दीवानगंज क्षेत्र के पास स्थित कुलहड़िया और नरखेड़ा के पहाड़ों पर बुधवार को अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते सूखी घास और झाड़ियों ने आग पकड़ ली और आग पहाड़ी के कई हिस्सों में फैल गई।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार इसी स्थान पर कुछ दिन पहले भी दो अलग-अलग दिनों में आग लग चुकी है। बार-बार आग लगने की घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ने लगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि अभी तो गर्मी की शुरुआत ही हुई है और यदि इसी तरह आग लगने की घटनाएं जारी रहीं तो आने वाले दिनों में जंगल और पहाड़ों को बड़ा नुकसान हो सकता है। पहाड़ियों पर सूखी घास और झाड़ियां अधिक होने से आग तेजी से फैलने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पहाड़ी क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके और समय रहते ऐसी घटनाओं पर नियंत्रण किया जा सके।
कई ग्रामीणों कहना है कि कई वर्षों से दीवानगंज क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की मांग करते चले आ रहे हैं लेकिन अभी तक उनकी मांगों पर विभाग ने ध्यान नहीं दिया है हर साल कई जंगल और किसानों की फसल आग में जलकर खाक हो जाती है। फायर ब्रिगेड को सूचित करते हैं तो सांची और रायसेन से आने में 1 घंटे का समय गुजर जाता है जब तक आग विकराल रूप धारण कर ज्यादा नुकसान पहुंचा देती है। ग्रामीणों ने एक फायर ब्रिगेड दीवानगंज चौकी पर तैनात करने की मांग की है।
दीवानगंज सरपंच गिरजेश नायक , सेमरा सरपंच भानु लोधी उर्फ परसोत्तम लोधी, अंबाडी सरपंच कुंती रमेश कुमार अहिरवार, नरखेड़ा सरपंच रामदयाल लोधी, ग़ीडगढ़ सरपंच लीला किशन अहिरवार सहित आसपास पंचायत के सरपंच और ग्रामीणों ने दीवानगंज में एक फायर ब्रिगेड स्थाई रूप से तैनात करने की मांग की है। ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके।