मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दो सिंचाई परियोजनाओं के लिए दी रायसेन जिले को 502 करोड़ से अधिक की सौगात
स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा ने जताया आभार
सी एल गौर रायसेन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की संपन्न हुई बैठक में मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. यादव सहित मंत्रि-परिषद के सदस्य बैठक में शामिल हुए इस अवसर पर मंत्रि-परिषद द्वारा बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिसमें रायसेन जिले की सिंचाई परियोजनाओं के लिए राशि 502 करोड़ रू से अधिक की स्वीकृति प्रदान किए जाने का भी निर्णय लिया गया। इस जनकल्याणकारी घोषणा होते ही मुख्यमंत्री डॉ यादव से स्वास्थ्य राज्यमंत्री एवं उदयपुरा विधायक नरेन्द्र शिवाजी पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा सहित बरेली क्षेत्र के किसानों द्वारा भेंट कर सिंचाई परियोजना की स्वीकृति के लिए सीएम श्री यादव का स्वागत कर आभार व्यक्त किया। मंत्रि-परिषद द्वारा रायसेन जिले की दो सिंचाई परियोजनाओं के लिए कुल 502.21 करोड़ रू की राशि की स्वीकृति प्रदान की गई है। मंत्रि-परिषद द्वारा जिले की बरेली तहसील की बारना उद्वहन सिंचाई परियोजना लागत 386 करोड़ 22 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई, इससे बरेली तहसील के 36 ग्रामों की 15 हजार हैक्टेयर भूमि में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी, जिसमें 6,800 कृषक परिवार लाभांवित होंगे। इसी प्रकार जिले की सुल्तानपुरा उद्वहन सिंचाई परियोजना लागत 115 करोड़ 99 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई। इससे सुल्तानपुर तहसील के 20 ग्रामों की 5,700 हैक्टेयर भूमि में सिंचाई उपलब्ध होगी, इसमें 3,100 कृषक परिवारों को लाभ होगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि इन सिंचाई परियोजनाओं से जिले के लगभग 10 हजार कृषक परिवारों को लाभ मिलेगा और लगभग 21 हजार हैक्टेयर भूमि सिंचित होगी, यह सौगात क्षेत्र के किसानों के लिए वरदान है और किसानों की उन्नति और खेती के विकास में ऐतिहासिक निर्णय है।