स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर युवा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए – जिला प्रचारक योगेश गुर्जर
सी एल गौर रायसेन
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर युवा सेवा भारती द्वारा आयोजित संगोष्ठी कार्यक्रम स्थानीय प्ले स्कूल रामलीला मैदान में संपन्न हुआ। इस दौरान कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक योगेश गुर्जर एवं सेवा भारती मध्यभारत प्रांत की प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. किरण शेजवार उपस्थित थे। इस मौके पर उद्बोधन देते हुए योगेश गुर्जर ने स्वामी विवेकानंद के शिकागो अमेरिका में दिए गए ऐतिहासिक भाषण का उल्लेख करते हुए कहा कि उस ओजस्वी वक्तव्य ने विश्व पटल पर भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की गूंज को स्थापित किया है, उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि भारत का युवा स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाए। कार्यक्रम में मौजूद सेवा भारती मध्यभारत की प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं समाजसेविका डॉ. किरण शेजवार ने युवाओं से सेवा कार्यों से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज को आगे बढ़ाने का दायित्व युवाओं के कंधों पर है और सेवा भाव से किया गया कार्य ही सशक्त राष्ट्र की नींव रखता है। कार्यक्रम में वक्ताओं का परिचय युवाम सेवा भारती के संयोजक ऋषभ भार्गव ने कराया, जबकि आभार प्रदर्शन ऋषिराज बघेल ने किया। इस अवसर पर सहसंयोजक सक्षम अग्रवाल, डॉ. अरुण कुमार शर्मा, कमलेश तिवारी, प्रताप पटेल, रंजीत धुर्वे सहित बड़ी संख्या में युवा एवं कॉलेज छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद थी।