शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
शासकीय सिविल अस्पताल में पदस्थ डॉ. अमन सेन के साथ बीती रविवार शाम करीब 6 बजे मरीज के परिजनों द्वारा किए गए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक के पैर में चोट लगने पर उसके मित्र उसे इलाज हेतु सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। इलाज के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद उसके मित्रों द्वारा , गाली-गलौच किए जाने पर ड्यूटी पर तैनात डॉ. अमन सेन ने उन्हें समझाइश दी। इसी बात को लेकर युवक भड़क गए और डॉक्टर के साथ झूमाझटकी करते हुए मारपीट कर दी, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही थानाप्रभारी राजीव उइके पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया, हालांकि तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
इधर सोमवार को मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ डॉ. दिनेश खत्री सिविल अस्पताल पहुंचे और थे डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों की बैठक लेकर घटना की निंदा की। साथ ही अस्पताल में स्वच्छ पेयजल व साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।
थानाप्रभारी राजीव उइके ने बताया कि डॉ. अमन सेन की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ धारा 132/121-1, 296 बी, 351 एवं 3/5 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका मेडिकल परीक्षण कराया, जिसके बाद उन्हें आगे की कार्रवाई हेतु तहसील में पेश कर दिया गया है।