जनपद पंचायत गंगेव में विभिन्न विकास कार्यों का किया लोकार्पण
रीवा में विभिन्न स्थलों में हुआ जनसम्मान, जनप्रतिनिधियों समाजसेवियों ने किया अभिनंदन
रीवा।उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि कहा कि लोकतंत्र में जनता की सेवा ही सर्वोच्च धर्म है और उन्हें पिछले 21 वर्षों से लगातार जनता का आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बाणसागर बाँध की नहरों से विन्ध्य के विकास की नई इबारत लिखी गई है, वहीं पिछले दो दशकों में सड़क, बिजली, पानी, सिंचाई और कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। रीवा की जनपद पंचायत गंगेव में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल के जन्मदिवस पर विशाल जनसमूह की उपस्थिति में भव्य समारोह आयोजित हुआ।

इस अवसर पर उन्होंने 6 करोड़ 10 लाख 60 हजार रुपये की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इसमें जनपद पंचायत का नया भवन, अटल सभागार और अन्य विकास कार्य शामिल रहे। समारोह में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि रीवा के सौर ऊर्जा संयंत्र से दिल्ली की मेट्रो दौड़ रही है, शहर में फोरलेन सड़कें, फ्लाईओवर, रिवर फ्रंट और सुंदर तालाब बने हैं। मुकुंदपुर में सफेद बाघों की पुनर्स्थापना हुई है। आगामी अक्टूबर माह से रीवा एयरपोर्ट से दिल्ली और इंदौर के लिए नियमित हवाई सेवाएँ प्रारंभ होंगी। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद का मोल केवल सेवा और विकास कार्यों के माध्यम से ही चुकाया जा सकता है। जनपद अध्यक्ष गंगेव श्री विकास तिवारी, विधायक मनगवां श्री नरेन्द्र प्रजापति, पूर्व विधायक श्री श्यामलाल द्विवेदी, श्री केपी त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, पूर्व महापौर श्री वीरेन्द्र गुप्ता और अनेक जनप्रतिनिधियों ने उप मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएँ दीं।समारोह में उप मुख्यमंत्री का जगह-जगह स्वागत हुआ। मनगवां से बाइक रैली के साथ उनका भव्य स्वागत कर उन्हें कार्यक्रम स्थल तक लाया गया। सरपंच संघ, सचिव संघ और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अभिनंदन किया।

ईको पार्क में शिवपूजन
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने जन्मदिवस के अवसर पर रीवा स्थित ईको पार्क के कुंडेश्वरनाथ शिव मंदिर में सपत्नीक पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान शिव का दूध, गंगाजल और शुद्ध जल से अभिषेक कर पूजा की और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि व कल्याण की प्रार्थना की।

लक्ष्मणबाग गौशाला में गौपूजन और कन्यापूजन
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने लक्ष्मणबाग मंदिर परिसर में विभिन्न देवताओं के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। तत्पश्चात गौशाला में गौमाता की पूजा कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कन्यापूजन पूजन कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर गौमाता के लिए भंडारे का शुभारंभ करते हुए श्री शुक्ल ने उन्हें विभिन्न व्यंजन खिलाए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि लक्ष्मणबाग की पावन भूमि पर जन्मदिन मनाना उनके लिए परम सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि गौमाता और जनता के आशीर्वाद से उन्हें रीवा और विन्ध्य के विकास की शक्ति प्राप्त हुई है। उन्होंने गौसेवा और जनसेवा को जीवन का ध्येय बताया। इस अवसर पर सांसद श्री जनार्दन मिश्रा ने कहा कि उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने राजनीति में सदैव स्वच्छ छवि और विकास के संकल्प के साथ कार्य किया है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, पूर्व महापौर श्री वीरेन्द्र गुप्ता और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इस अवसर पर शुभकामनाएँ दीं।
प्रजापिता ब्रम्हकुमारी संस्थान में सम्मान
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल के जन्मदिवस पर प्रजापिता ब्रम्हकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय रीवा में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। संस्थान प्रमुख बहन ब्रम्हकुमारी निर्मला जी ने उन्हें अंगवस्त्र, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट किए तथा केक खिलाकर शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर श्री शुक्ल ने कहा कि जन्मदिवस पर आध्यात्मिक चेतना केंद्र से आशीर्वाद मिलना उनके लिए बहुत बड़ा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि ब्रम्हकुमारी संस्थान समाज को कठिन समय में आध्यात्मिक मार्गदर्शन देकर सही राह दिखाता है।