कैलाश विजयवर्गीय ने जारी किया राम जन्मभूमि संघर्ष का छठा वीडियो, कहा- मुगलों ने हमेशा पीठ में छुरा भोंका
इंदौर। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय राम मंदिर के संघर्ष से जुड़ी 500 साल की प्रमुख घटनाएं वीडियो के माध्यम से सुना रहे हैं। इस संबंध में इंटरनेट मीडिया पर उन्होंने छठा वीडियो पोस्ट किया है, जन्मभूमि के संघर्ष की गाथा वे वीडियो श्रृंखला के माध्यम से सभी तक पहुंचा रहे हैं।
वीडियो में कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मुगलों ने हमेशा पीठ में छुरा भोंका है। 18वीं सदी में जब अफगानियों ने अयोध्या के राजा शुजाउद्दौला के ऊपर हमला करने की कोशिश की, जैसे ही अफगानी सेना आगे बढ़ी पेशवा सेनापति राघोबा के पास मुगल साम्राज्य के लोग गए और कहा कि हमारी मदद करो। राघोबा दादा ने एक ही बात कही कि यदि राम जन्मभूमि और कृष्ण जन्मभूमि आप मुक्त कर देंगे तो हम आपकी मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि युद्ध के बाद मुक्त कर देंगे।
मुगलों ने मराठों के साथ मिलकर अफगानों को पराजित कर दिया पर उसके बाद मुगलों ने अपनी वास्तविकता बताई और मराठों पर भी हमला कर दिया। इस प्रकार मुगलों ने हमेशा हमारे मराठों के साथ राजपूतों के साथ गद्दारी की और पीठ में छुरा भोंका। यह 22 जनवरी का दिन आ रहा है, यह सब क्रांतिवीरों बलिदानियों के लिए श्रृद्धांजलि का दिन है। हम सब भारतीयों के लिए गर्व करने का दिन है, इसलिए इस दिन बहुत धमाकेदार दीवाली मनाएं।