लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को तगड़ा झटका, प्रदेश अध्यक्ष समेत कई दिग्गजों ने दिया इस्तीफा
रायपुर। लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा, कांग्रेस समेत अन्य राजनीतिक ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। मंगलवार को पार्टी प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने एक साथ पार्टी को अलविदा कहते हुए प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने वालों में पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष रहे आनंद प्रकाश मिरी, प्रदेश अध्यक्ष (युवा) रवीन्द्र सिंह भी शामिल हैं।
इधर, कयास लगाए जा रहे हैं कि आप से इस्तीफा देने के बाद कोमल हुपेंडी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि इसे लेकर कोमल हुपेंडी ने चुप्पी साध रखी है। वहीं कोमल ने इस्तीफ के बाद पार्टी के शीर्ष नेताओं पर जनता और कार्यकर्ताओं के साथ धोखा देने का आरोप लगाया।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में मिली ‘आप’ को मिली करारी हार
बतादें कि छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। इस विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 53 उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा था। विधानसभा चुनाव में आप के सभी 53 उम्मीदवार भारी अंतर से हार गए।
आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव में दूसरी बार चुनाव लड़ा था। इस विधानसभा चुनाव में ‘आप’ ने 53 सीटों पर चुनाव लड़ा और उसे 0.93 प्रतिशत वोट मिले। वहीं, 2018 के चुनाव में ‘आप’ ने 85 सीटों पर चुनाव लड़ा था और उसे 0.87 फीसद मत प्राप्त हुए थे।
2023 में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी के कई उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। प्रदेश अध्यक्ष रहे कोमल हुपेंडी ने भानुप्रतापपुर सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा। कोमल हुपेंडी 15255 वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे।