सी के पारे रायसेन
जिले में हुई तेज बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। सागर-भोपाल हाईवे पर लड़ ईया नाला पुलिया के पास भराव बह जाने से सड़क धंस गई, जिससे मंगलवार सुबह से यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
सड़क धंसने के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बसें, ट्रक, एम्बुलेंस और निजी वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे। कई यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने निर्माण एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिया निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। लोगों का कहना है कि मजबूत निर्माण सामग्री की जगह मिट्टी का इस्तेमाल किए जाने से बारिश में भराव बह गया और सड़क धंस गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु करने का काम शुरू किया। वहीं, लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बारिश के इस कहर ने एक बार फिर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन जांच के बाद क्या कदम उठाता है और हाईवे पर आवागमन कब तक पूरी तरह सामान्य हो पाता है।