बिजली कंपनी के अफसरों से परेशान युवक सब स्टेशन के टावर पर चढ़ा, हाई वोल्टेज ड्रामा चला, बिजली कंपनी के अधिकारियों पर रिश्वत के आरोप लगाए
– रिश्वत से परेशान युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा
– अधिकारियों ने बार-बार पैसे की मांग की और कोई कार्रवाई नहीं की
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले के भौंती कस्बे में बिजली कंपनी के अफसरों से परेशान एक युवक ने अच्छा खासा धमाल मचा डाला। मंगलवार को बिजली कंपनी के अफसरों पर रिश्वत के आरोप लगाते हुए एक युवक सब स्टेशन के टावर पर चढ़ गया और जहां पर करीब 4 घंटे तक ऊपर चढ़ा रहा। इस दौरान बिजली कंपनी के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। युवक का कहना था कि वह वेल्डिंग की दुकान चलाता है बिजली कनेक्शन का किलोवाट का लोड बनवाना था लेकिन बिजली विभाग के अधिकारी उससे रिश्वत मांग रहे हैं जिससे परेशान होकर वह टावर पर चढ़ गया है।
लोड बढ़वाने के नाम पर मांगी रिश्वत –
भौंती कस्बे में एक युवक बिजली विभाग के अफसर पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए सब स्टेशन के टॉवर पर चढ़ गया। टॉवर पर चढ़े पगरा गांव का रहने वाला वीरेंद्र झा पहले वेल्डिंग की दुकान चलाता था। उस समय उसका बिजली कनेक्शन 1 किलोवाट से बढ़ाकर 5 किलोवाट किया गया था। दुकान बंद करने के बाद उसने कनेक्शन फिर से 1 किलोवाट का करवा लिया। बाद में दोबारा दुकान शुरू करने पर जब उसने लोड बढ़ाने का आवेदन दिया, तो विभाग के अधिकारियों ने बार-बार पैसे की मांग की और कोई कार्रवाई नहीं की।

बढ़ी मशक्कत के बाद माना युवक-
बिजली कंपनियों के अधिकारियों द्वारा रिश्वत मांगने से परेशान होने के बाद युवक ने हंगामा खड़ा कर दिया। परेशान होकर वह बिजली टॉवर पर चढ़ गया। युवक के टॉवर चढ़ने की सूचना मिलते ही भौंती थाना प्रभारी मनोज राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लगातार समझाइश और भरोसा दिलाने के बाद लगभग चार घंटे बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका। युवक को पुलिस थाने ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई। बाद में अधिकारियों ने इसे समझाइश देकर छोड़ दिया।